जल शक्ति मंत्री ने शेरपुर-सेमरा में कटान रोधी कार्यों का लिया जायजा, बोले – बचे इलाकों की भी बनेगी सुरक्षा योजना।

रिपोर्ट – प्रदीप पांडेय
मुहम्मदाबाद यूसुफपुर (गाजीपुर)। उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने गुरुवार को स्थानीय सर्किल के शेरपुर और सेमरा क्षेत्र में गंगा कटान रोधी कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। मंत्री ने जलालपुर मौजा में नाव के जरिए गंगा तटवर्ती इलाकों का भ्रमण कर कटान की स्थिति का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने सेमरा से लेकर शेरपुर मुबारक बस्ती तक चल रहे बोल्डर पिचिंग कार्य की प्रगति का जायजा लिया। मुबारकपुर केवट बस्ती के समीप हो रहे कटान को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष 700 मीटर तथा उससे आगे तक की सुरक्षा योजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तत्काल तैयार की जाए।
स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर मंत्री ने उनकी समस्याएं सुनीं और सरकार की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। मौके पर मौजूद भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मंत्री ने पौधारोपण भी किया। ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पीयूष राय, जयप्रकाश राय, ओमप्रकाश राय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
शेरपुर निरीक्षण के बाद मंत्री का करंडा के बयेपुर सोकनी और जमानिया के कपूरघाट में प्रस्तावित निरीक्षण कार्यक्रम अचानक रद्द हो गया। इसके बजाय वे डाक बंगले में जल संसाधन, लघु सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण, नमामि गंगे व जल जीवन मिशन सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों संग बैठक कर आगे की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए वाराणसी के लिए प्रस्थान कर गए।
निरीक्षण के अंत में मंत्री ने बताया कि शेरपुर क्षेत्र में किए गए कटान निरोधी कार्यों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और इस वर्ष कोई नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सेमरा, मुबारकपुर और अन्य आस-पास के कटान संभावित क्षेत्रों के लिए भी शीघ्र ही परियोजनाएं बनाकर ज़मीन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।


