मुहम्मदाबाद यूसुफपुर (गाजीपुर)। स्थानीय तहसील क्षेत्र में भ्रष्टाचार से जुड़ा एक मामला सामने आया है। विगत दिनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें राजस्व निरीक्षक मंगला प्रसाद को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए देखा जा रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उप जिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए राजस्व निरीक्षक मंगला प्रसाद को तत्काल प्रभाव से रजिस्ट्रार कार्यालय से संबद्ध कर दिया। साथ ही उन्होंने तहसीलदार मुहम्मदाबाद को निर्देशित किया कि पूरे प्रकरण की अविलंब जांच कर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करें, ताकि इस संदर्भ में आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि शासन-प्रशासन की मंशा के अनुरूप भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सत्य पाए गए, तो संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय नागरिकों ने भी उप जिलाधिकारी की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि ऐसे मामलों में कड़ी कार्यवाही से अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को भी नसीहत मिलेगी।
इस घटना ने एक बार फिर प्रशासनिक तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही की आवश्यकता पर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। अब सबकी निगाहें तहसील प्रशासन की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट होगा कि वायरल वीडियो में दिख रहा दृश्य कितना वास्तविक है और आगे की कार्रवाई किस दिशा में जाती है।





